जब जरूरतों से ज्यादा इच्छाएं कर्ज पर पूरी होने लगें और कमाई से पहले खर्च करने की आदत बन जाए, तब इंसान धीरे-धीरे अपनी ही जिंदगी का कर्जदार बन जाता है।
भारतीय संस्कृति में हमेशा से एक सीख दी जाती रही है, चादर देखकर पैर पसारो। अपनी कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर रखो, जरूरतों को समझो, इच्छाओं पर नियंत्रण रखो और फिर अपनी सामर्थ्य के अनुसार मकान, गाड़ी या दूसरी सुविधाएं जुटाओ। हमारे बुजुर्गों की जीवनशैली में बचत का विशेष महत्व था। वे छोटी-छोटी रकम जोड़कर बड़े सपने पूरे करते थे। उनके लिए बचत केवल पैसे इकट्ठा करना नहीं, बल्कि आने वाले कल को सुरक्षित करने का एक तरीका था।
लेकिन समय बदला, जीवनशैली बदली और बाजारवाद ने हमारी सोच भी बदल दी। आज बाजार ने हमें यह विश्वास दिला दिया है कि जो चीज आज चाहिए, उसे पाने के लिए वर्षों इंतजार करने की जरूरत नहीं। बैंक और वित्तीय संस्थाएं हमारी इसी इच्छा को पूरा करने के लिए तैयार खड़ी हैं। घर खरीदना है तो होम लोन, गाड़ी चाहिए तो कार लोन, मोबाइल खरीदना है तो आसान किस्तें, छुट्टियां मनानी हैं तो ट्रैवल लोन और यहां तक कि रोजमर्रा की खरीदारी भी क्रेडिट कार्ड के भरोसे होने लगी है।
अब सवाल यह नहीं रह गया कि हमारे पास कितना पैसा है, बल्कि यह हो गया है कि हमें कितना कर्ज मिल सकता है।
कर्ज लेना अपने आप में गलत नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को अपना घर बनाने, व्यवसाय शुरू करने, बच्चों की शिक्षा या किसी महत्वपूर्ण आवश्यकता के लिए कर्ज लेना पड़े तो इसमें कोई बुराई नहीं है। कर्ज विकास का माध्यम भी बन सकता है। लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब हम अपनी वास्तविक जरूरतों के बजाय अपनी इच्छाओं और सामाजिक प्रतिष्ठा को पूरा करने के लिए कर्ज लेने लगते हैं। जब एक कर्ज चुकाने के लिए दूसरा कर्ज लेना पड़े और महीने की शुरुआत वेतन आने की खुशी से नहीं, बल्कि ईएमआई कटने की चिंता से होने लगे, तब समझ लेना चाहिए कि जिंदगी सुविधाजनक नहीं, बल्कि उधार की होती जा रही है।
आज समाज में एक अजीब प्रतिस्पर्धा दिखाई देती है। पड़ोसी ने नई गाड़ी खरीदी तो हमें भी खरीदनी है। किसी परिचित ने बड़ा मकान बना लिया तो हमें भी वैसा ही घर चाहिए। किसी ने विदेश यात्रा की तो हम भी अपनी हैसियत से आगे बढ़कर यात्रा की योजना बनाने लगते हैं। सोशल मीडिया पर दूसरों की चमकती जिंदगी देखकर हम अपनी वास्तविक आर्थिक स्थिति को भूल जाते हैं। दिखावे की इस दौड़ में हम यह नहीं सोचते कि सामने वाले की खुशहाली वास्तविक बचत से आई है या वह भी किस्तों के सहारे अपनी जिंदगी चला रहा है।
बाजारवाद ने हमारी जरूरतों की परिभाषा ही बदल दी है। पहले जो सुविधाएं विलासिता मानी जाती थीं, आज उन्हें सामान्य जरूरतों के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। विज्ञापन हमें लगातार यह समझाते हैं कि नया फोन, नई गाड़ी, महंगे कपड़े और आधुनिक जीवनशैली ही खुश रहने का रास्ता हैं। नतीजा यह है कि आमदनी बढ़ने के साथ बचत बढ़ने के बजाय खर्च बढ़ता जा रहा है।
इसका सबसे चिंताजनक पहलू तब सामने आता है, जब कोई व्यक्ति कर्ज के बोझ तले दबकर मानसिक तनाव का शिकार हो जाता है। आए दिन ऐसी खबरें पढ़ने और देखने को मिलती हैं कि कर्ज चुकाने में असमर्थ व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली या निराशा में अपने पूरे परिवार को ही खत्म कर दिया। इसके पीछे केवल आर्थिक संकट नहीं होता, बल्कि सामाजिक दबाव, प्रतिष्ठा खोने का डर, परिवार की जिम्मेदारियां और भविष्य को लेकर पैदा हुई निराशा भी होती है। एक व्यक्ति की आर्थिक गलती कभी-कभी पूरे परिवार की जिंदगी को प्रभावित कर देती है।
भारत जैसे विकासशील देश में बचत का महत्व और भी अधिक है। यहां सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था अभी इतनी व्यापक नहीं है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने बुढ़ापे, बीमारी या रोजगार छूटने की स्थिति में पूरी तरह निश्चिंत रह सके। निजी क्षेत्र में काम करने वाले लाखों लोगों के सामने नौकरी की अनिश्चितता है। छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार करने वालों की आय भी हमेशा एक जैसी नहीं रहती। ऐसे में बचत ही वह सहारा है जो मुश्किल समय में परिवार को दूसरों के सामने हाथ फैलाने से बचा सकता है।
कोविड महामारी का समय इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। लॉकडाउन ने अचानक लाखों लोगों की आय के स्रोत बंद कर दिए। व्यापार ठप हो गए, नौकरियां चली गईं और रोज कमाकर खाने वाले परिवारों के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया। उस समय जिन परिवारों के पास कुछ बचत थी, उन्होंने अपनी जमा पूंजी के सहारे कठिन समय निकालने की कोशिश की। वहीं जिनके पास कोई आर्थिक सुरक्षा नहीं थी, उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भी सरकार, सामाजिक संस्थाओं और दूसरों पर निर्भर होना पड़ा। उस दौर ने हमें सिखाया कि बचत केवल भविष्य की योजना नहीं, बल्कि संकट के समय जीवन की सुरक्षा भी है।
हमें यह समझना होगा कि बचत का अर्थ जीवन की खुशियों से समझौता करना नहीं है। इसका अर्थ है अपनी आय और खर्च के बीच संतुलन बनाना। अपनी कमाई का एक निश्चित हिस्सा नियमित रूप से बचाना, अनावश्यक खर्चों से बचना, आपातकालीन निधि तैयार करना और कर्ज को अपनी क्षमता के भीतर रखना आज की सबसे बड़ी आर्थिक समझदारी है। कम आय वाला व्यक्ति भी थोड़ी-थोड़ी बचत करके भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार कर सकता है।
बच्चों को भी बचपन से ही बचत और आर्थिक अनुशासन का महत्व सिखाना जरूरी है। उन्हें केवल अच्छी नौकरी और अधिक कमाई के सपने न दिखाएं, बल्कि कमाए हुए पैसे का सही उपयोग करना भी सिखाएं। क्योंकि अधिक कमाने वाला व्यक्ति भी आर्थिक रूप से असुरक्षित हो सकता है, यदि उसे खर्च और बचत के बीच संतुलन बनाना नहीं आता।
अंततः हमें यह तय करना होगा कि हम अपनी जिंदगी अपनी कमाई के आधार पर जीना चाहते हैं या भविष्य की कमाई को आज ही खर्च करके उधार की जिंदगी जीना चाहते हैं। बैंक से लिया गया कर्ज एक निश्चित समय बाद चुकाया जा सकता है, लेकिन कर्ज के कारण खोया मानसिक सुकून और परिवार की खुशियां वापस पाना इतना आसान नहीं होता।
याद रखिए, कर्ज से खरीदी गई गाड़ी आपको मंजिल तक तो पहुंचा सकती है, लेकिन बचत से बना आर्थिक आत्मविश्वास आपको जिंदगी के कठिन रास्तों पर भी संभालकर रखता है।
जरूरतें पूरी करना जीवन है, इच्छाओं को पूरा करना खुशी है, लेकिन भविष्य को सुरक्षित रखना समझदारी है। इसलिए बाजार की चमक से प्रभावित होकर अपनी आर्थिक नींव कमजोर मत कीजिए। क्योंकि असली अमीरी महंगे मकान, बड़ी गाड़ी और ब्रांडेड सामान में नहीं, बल्कि उस आर्थिक आत्मनिर्भरता में है, जो मुश्किल समय में आपको किसी के सामने मजबूर नहीं होने देती।
जिंदगी अपनी कमाई से जीजिए, उधार की किस्तों से नहीं। क्योंकि सुविधाएं कर्ज से खरीदी जा सकती हैं, लेकिन सुकून और आर्थिक स्वतंत्रता केवल समझदारी और बचत से मिलती है।
वीरेंद्र हीरालाल पथरिया
स्वतंत्र लेखक, इंदौर
उधार की जिंदगी : सुविधाओं की दौड़ में खोती आर्थिक आजादी
